पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज में शावक का शव मिलने के बाद घटना स्थल के आसपास 16 कैमरे लगाए गए थे। रविवार को एक कैमरे में दो बाघों के फुटेज मिले है। फिलहाल सही जानकारी के लिए घटनास्थल के आसपास रविवार को 10 और कैमरे लगा दिए गए हैं।
पीटीआर में बाघों की बढ़ती संख्या की वजह से आशियाने को लेकर टकराव की स्थिति बन चुकी है। 19 मई को माला रेंज में आपसी संघर्ष में एक बाघिन की मौत हो गई थी। इसके बाद पीटीआर की हरीपुर में 17 जून को एक शावक का अधखाया शव मिला था। वन अफसरों के मुताबिक शावक की मौत बाघ हमले में हुई थी। इसकी सत्यता जानने के लिए 17 जून को घटना स्थल के आसपास छह ट्रेपिंग कैमरे लगवाए गए थे। इसके अगले दिन 10 कैमरे और लगाए गए थे।
रविवार को सभी कैमरे चेक किए गए। वन अफसरों के मुताबिक एक कैमरे में दो बाघों की फुटेज मिली है। इसकी जांच में यह पता लगाया कि जा रहा है कि फुटेज मृत शावक और उसकी मां के हैं, या फिर दूसरे बाघ हैं। इधर, रविवार को स्थिति का सही आंकलन करने के लिए मौके पर 10 कैमरे और लगाए गए हैं।
हरीपुर रेंज में शावक की मौत के मामले में घटनास्थल के आसपास 16 कैमरे लगाए गए थे। एक कैमरे में दो बाघों की फुटेज मिली है। मुख्यालय स्तर पर फुटेज का मिलान किया जा रहा है। सही आंकलन को घटना स्थल के आसपास 10 कैमरे और लगाए गए हैं। - नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व