बिलसंडा (पीलीभीत)। विद्युत संचालित पानी की मोटर का तार ठीक करते वक्त मरौरीखास गांव निवासी 24 वर्षीय रंजीत पुत्र छिंदा सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की दूसरे दिन सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतक के बहनोई मंदीप सिंह ने बताया कि उनका साला रंजीत सिंह पिता की मौत के बाद खेती करता था। इसी के साथ आर्मी में जाने के लिए तैयारी कर रहा था। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह नहाने गया। बिजली संचालित पानी की मोटर चला रखी थी। मोटर के तार में कोई दिक्कत आने पर वह उसे ठीक करने लगा। इसी बीच उसे करंट लग गया। चीखने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो रंजीत बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसे निजी वाहन से इलाज के लिए बरेली ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई। शव लेकर रात को परिवार वाले वापस आ गए। बुधवार सुबह सूचना थाने पर दी गई। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का अविवाहित था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। मृतक का भी रिश्ता दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से तय हो चुका था। दिसंबर में उसकी शादी होनी थी। अब उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।