पूरनपुर। नगरपालिका बोर्ड की बैठक में 10,84,50000 रुपये आय और 9,24,30000 रुपये व्यय सहित 1,60,20000 रुपये लाभ का बजट पास किया गया। साथ ही सीएचसी को गोद लेने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद बोर्ड सदस्यों ने सीएचसी का भ्रमण कर भीषण गंदगी पर चिंता जाहिर की। पूरी रिपोर्ट डीएम को भेजने के साथ शुक्रवार से सीएचसी में विशेष सफाई अभियान चलवाने का निर्णय लिया गया।
चेयरमैन प्रदीप कुमार लल्लन की अध्यक्षता में हुई बैठक में बजट पर चर्चा हुई। लेखाकार अमित मिश्र ने बजट पढ़कर सुनाया। सर्व सम्मति से 10,84,50000 रुपये आय और 9,24,30000 रुपये व्यय सहित 1,60,20000 रुपये लाभ का बजट पास किया गया।
बैठक में चेयरमैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को गोद लेेने का प्रस्ताव रखा। सर्व सम्मति से इसे भी सहमति दी गई। बैठक में सदस्य मुकेश गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता ने वार्डों की खराब लाइटों के ठीक न होने की बात कही। चेयरमैन ने लाइनमैन को बैठक में तलब कर वार्डोँ की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सदस्य शाहिद हुसैन ने खराब सफाई व्यवस्था पर रोष व्यक्त किया। उनका आरोप था कि सफाई कर्मचारी लोगों से सुविधा शुल्क की वसूली करता है। चेयरमैन ने किसी भी कर्मचारी को सुविधा शुल्क देकर उसकी आदत खराब न करने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि जहां भी समस्या हो, सीधे फोन कर बताएं। सदस्य तौफीक अहमद कादरी ने पिछली बैठक में जल दोहन वालों को चिह्नित करने के पास प्रस्ताव पर चिह्नित लोगों की जानकारी मांगी।
बैठक के बाद बोर्ड सदस्यों ने सीएचसी का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सीएचसी में गंदगी मिलने पर स्थिति की जानकारी डीएम को पत्र भेजकर देने का निर्णय लिया गया। चेयरमैन ने ईओ को शुक्रवार से सीएचसी में विशेष सफाई अभियान शुरू के निर्देश दिए।