पूरनपुर। आंधी बारिश से नगर सहित क्षेत्र में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मगर खुले में लगे गेहूं के ढेर भीग गए। बिजली गिरने से एक घर का लिंटर क्षतिग्रस्त हो गया। बिजलीचलित उपकरण फुंक गए। इसमें गाय की मौत हो गई।
बुधवार शाम को धूल भरी आंधी के साथ बादलों की गरज के साथ बारिश हुई। इससे किसानों का खुले में लगा गेहूं भीग गया। मंडी समिति में लगे गेहूं के ढेरों पर किसानों ने त्रिपाल डालकर बमुश्किल बचाया। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम पंचायत टांडा छत्रपति के गांव भोलापुर में तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। इससे गांव के लोग दहशत में लोग सहम गए। शोर-शराबा और लोगों में चीख पुकार मची। बिजली गिरने से गांव निवासी छत्रपाल के घर के कमरे के लिंटर में दरारें पड़ गई। फ्रिज सहित अन्य बिजली चलित उपकरण फुंक गए। उसके पड़ोसी कमलेश की पशुशाला में बंधी उसकी गाय की मौत हो गई। कुछ किसानों ने समय से गेहूं के ढेरों को त्रिपाल आदि से ढककर बचाया।
मंडी समिति में बृहस्पतिवार को किसान भीगे गेहूं के ढेरों को सुखाते देखे गए। अमरैयाकलां में भी बिजली हाईटेंशन लाइन के क्षतिग्रस्त होने से कई गांव की बिजली सप्लाई ठप रही। पूरनपुर-कलीनगर रोड पर गांव सुखदासपुर की ओर जाने वाली बिजली हाईटेंशन की लाइन पर पेड़ की टहनियां टूटकर गिरने से तार टूट गया। इससे कई गांवों की बिजली सप्लाई ठप हुई। ठप बिजली सप्लाई को सही करने में टीम लगी रही, मगर फाल्ट दुरुस्त नहीं हो सका। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि बिजली सप्लाई सुचारु करने को टीमें लगी हुई है। कुछ जगह काम रह गया है, वहां भी जल्द सप्लाई दुरुस्त करा दी जाएगी।