बिलसंडा (पीलीभीत)। पूर्व प्रधान पति की नाक पुजारी के पैरों में रगड़वाने का मामला सीओ के एसपी कार्यालय से संबद्ध होने के बाद कुछ शांत हुआ है। मगर शासन से जांच टीम के आने की चर्चा तेज रही। पूर्व प्रधान पति भी एक कॉल आने के बाद दिन भर टीम के पहुंचने का इंतजार करते रहे। मगर कोई नहीं पहुंचा। उधर, स्थानीय पुलिस अधिकारी शासन से जांच टीम गठित होने की बात से अनभिज्ञता जताते रहे। उनका कहना था कि इसकी कोई सूचना फिलहाल उन्हें नहीं मिली है।
महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व सीओ बीसलपुर विनीत सिंह बिलसंडा क्षेत्र के गांव मरौरीखास गांव में मढ़ानाथ मंदिर पर गए थे। पुजारी गुड्डू ने सीओ से मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे और धार्मिक आयोजनों में पूर्व प्रधान के पति संजीव अवस्थी द्वारा व्यवधान डालने की शिकायत की थी। आरोप है कि सीओ ने इसके बाद पूर्व प्रधान पति से पुजारी के पैरों में नाक रगड़वाई थी। सीओ के निलंबन की मांग करते हुए बीसलपुर विधायक रामसरन वर्मा ने शासन स्तर पर अधिकारियों से शिकायत की थी। एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एडीजी के निर्देश पर सीओ को सर्किल से हटाकर एसपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया था। इस मामले में शनिवार को शासन से जांच टीम आने का शोर मचा रहा। पूर्व प्रधान पति भी तड़के आई एक कॉल का हवाला देकर टीम का इंतजार करते रहे। मगर दिन भर के इंतजार के बाद भी कोई नहीं पहुंचा। उधर, शासन से जांच टीम गठित होने की बात को लेकर जिले के पुलिस अधिकारी पूरी तरह से अनभिज्ञता जताते रहे।
000
शनिवार सुबह लखनऊ से एक कॉल मेरे मोबाइल पर आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने शासन से जांच शुरू होने की जानकारी दी। यह भी कहा था कि कि जांच टीम गांव पहुंचेगी। दिन भर इंतजार करता रहा, मगर कोई नहीं आया। - संजीव अवस्थी, पूर्व प्रधान पति
000
शिकायत मिलने पर एएसपी से जांच कराकर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई थी। उसके बाद सीओ को सर्किल से हटा दिया था। आगे की कार्रवाई शासन स्तर से ही तय होगी। किसी तरह की जांच टीम शासन स्तर से गठित हुई है, ऐसी मुझे कोई जानकारी नहीं मिली है। - जयप्रकाश, एसपी