पीलीभीत। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए अब लोगों को संबंधित विभाग के चक्कर नहीं लगाने होंगे। भारत सरकार ने इसके लिए पूरे देश मे सीआरएस (सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम) ऐप तैयार किया है। इस एप के माध्यम से लोगों घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित पटल पर स्वत: ही पहुंच जाएगा और एप के माध्यम से ही प्रमाण पत्र आसानी से निकाल सकेंगे।
अभी तक जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए लोगों को आवेदन भरकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास जमा करना पड़ता था। इसके बाद पूरी प्रक्रिया होने पर जारी हो पाता था। शासन ने लोगों की समस्या को समझते हुए अब सीआरएस एप लांच किया है। इस एप से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया जाएगा। एप बनने के बाद सीएमओ कार्यालय के सभागार में नगरपालिका और विकास विभाग के आपरेटर और अन्य लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक तकनीकि सहायक इमरान ने बताया कि इस एप पर कोई भी घर बैठकर मोबाइल से या फिर लैपटॉप से आवेदन कर सकता है। पूरी जानकारी भरने के बाद फॉर्म अपलोड हो जाएगा। यदि मामला नगर क्षेत्र का है तो नगरपालिका और देहात का है तो सचिव के पास रिपोर्ट लगने के लिए चला जाएगा। साइट को खोलने के बाद उसमें आने वाले विकल्पों को देखना होगा। उस पर ही संबंधित को रिपोर्ट लगानी होगी। पूरी कार्रवाई कर आवेदन करने वालों की मेल पर लोड करना होगा। घर पर जन्म लेने वाले बच्चों के लिए 21 दिन के भीतर आवेदन करना होगा। साथ सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों को भी साइट से जल्द जोड़ा जाएगा।