पीलीभीत। शासन के आदेश के बावजूद वाहन पर जाति प्रदर्शित करने वाला शब्द लिखा होने पर जनपद के एक भाजपा विधायक की गाड़ी का वीडियो वायरल हुआ था। इससे काफी फजीहत हुई थी। मामला सोशल मीडिया पर तेजी पकड़ने के बाद विधायक ने अब खुद ही वाहन पर लिखे शब्द को हटवा दिया है। फिलहाल इस नियम का अन्य वाहनों में पालन कराने में परिवहन विभाग की कार्रवाई अभी भी औपचारिकताओं में सिमटकर रह गई है।
शासन ने पिछले महीने आदेश दिए थे कि कोई भी व्यक्ति वाहन पर जाति और धर्म से जुड़ा कोई भी चित्र या फिर स्टीकर नहीं चस्पा कराएगा। ऐसा कोई शब्द भी नहीं लिखाया जा सकेगा, जो किसी जाति विशेष को प्रदर्शित कर रहा हो। शासन का आदेश मिलने के बाद कुछ दिन तो परिवहन विभाग ने सड़कों पर उतरकर पालन कराने की औपचारिकता निभाई, मगर बाद में कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। जाति-धर्म लिखाकर वाहन सड़कों पर दौड़ते रहे। एक सप्ताह पूर्व एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भाजपा के एक विधायक की कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। विधायक की कार के पीछे शीशे पर जाति को प्रदर्शित करते शब्द लिखे हुए थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में रहा। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों पर भी रसूखदारों पर कार्रवाई से बचने का आरोप लगा था। वायरल वीडियो के बाद भले परिवहन विभाग कोई सख्ती नहीं कर सका हो, लेकिन फजीहत को देखते हुए विधायक ने खुद ही वाहन पर लिखा शब्द हटवा दिया है।
विधायक की कार का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई के लिए उनके आवास पर गए थे। मगर इससे पहले ही विधायक की कार से खुद ही जाति को प्रदर्शित करने वाला शब्द मिटाया जा चुका था। अन्य वाहनों को लेकर चेकिंग कर कार्रवाई की जा रही है। - अमिताभ राय, एआरटीओ