पीलीभीत। सरकारी खरीद में बाइक के नंबर पर ट्रक दौड़ाकर धान की ढुलाई करने वाले श्याम बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति सचिव पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। डीएम ने इस मामले की जांच कराई थी। जांच में पता चला कि सहकारी समिति सचिव बाइक के नंबर पर ट्रक दिखाकर केवल कागजों में धान की परिवहन ढुलाई कराने में लगे थे। पीसीयू प्रभारी ने सोसाइटी सचिव पर एफआईआर दर्ज करा दी।
सरकारी खरीद वाले धान की ढुलाई के लिए लगाए गए ट्रकों में बाइक के नंबर निकले थे। यह मामला अमर उजाला ने 18 अक्टूबर को पेज नंबर छह पर अफसर सकते में, बाइक से कैसे हो गई सैकड़ों क्विंटल धान की ढुलाई शीर्षक से प्रमुखता से प्रकशित किया था।बताया गया कि परिवहन ढुलाई में केवल कागजों में दर्शाकर सरकार से पेमेंट लेने का तरीका माफियाओं ने पहले से निकाल रखा है। हर साल सेंटरों से धान की परिवहन ढुलाई के नाम पर राइस मिलर और बिचौलिए सरकार से लाखों रुपये का भुगतान वसूलते हैं, मगर धान कहीं नहीं ढोया जाता क्योंकि पूरा खेल ही राइस मिलों से चलता है। राइस मिलर किसानों से जो धान औने-पौने दामों में स्वयं खरीदते हैं, उसे ही किसानों के नाम से खतौनी में चढ़वाकर सरकारी सेंटरों से खरीदना दिखा देते हैं। उसमें राइस मिलर्स को दोहरा फायदा होता है। एक तो किसान से धान सरकारी रेट से आधी कीमत पर खरीदते हैं। दूसरे परिवहन ढुलाई का रुपया मुफ्त में मिलता है। इसलिए धान की सीजन में किसान तो औने-पौने में धान बेचकर लुट पिट जाता है, वहीं माफिया हर साल करोड़ों रुपये कमाकर मालामाल हो जाते हैं। समाचार प्रकाशित होने के बाद डीएम ने उसका गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जांच कराई तो बात सही पाई गई। डीएम की जांच में पता चला कि पीसीयू के सात क्रय केंद्रों से धान की ढुलाई के लिए वाहनों का टेंडर निकाला गया था। यह टेंडर श्याम बहुदेश्यीय सहकारी समिति ने लिया था। इस समिति के सचिव शहर के राजीव कॉलोनी निवासी अशोक कुमार पुत्र भभूती प्रसाद हैं। धान क्रय केंद्रों पर समिति के सचिव अशोक कुमार से क्रय केंद्रों पर ढुलाई के लिए लगने वाले ट्रकों के नंबर के अलावा राईवरों के नाम और मोबाइल नंबर मांगे गए थे। सोसायटी सचिव ने सात ट्रक नंबर प्रशासन को उपलब्ध कराए थे। 22 अक्टूबर को जब एआरटीओ कार्यालय से उन ट्रक नंबरों की जांच कराई गई, तो उसमें दो ट्रकों के नंबर यूपी 89 एक्स 9410 और यूपी 71 डी 5111 नंबर बाइक के निकलें। घपले का खुलासा होने के बाद डीएम ने श्याम बहुउद्देश्य समिति के सचिव अशोक कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पीसीयू प्रभारी रामकेश ने सुनगढ़ी पुलिस को शनिवार को तहरीर देकर घपलेबाज सचिव पर एफआईआर दर्ज कराई। थाना सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि पीसीयू प्रभारी से तहरीर मिलने के बाद सोसायटी सचिव पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्हें जल्द ही जेल भेजा जाएगा।