अमरिया (पीलीभीत)। तहसील क्षेत्र में ठंड बढ़ने के साथ बाघों की चहलकदमी भी बढ़ने लगी है। अब बाघ चहलकदमी करते हुए आबादी की ओर पहुंच रहे हैं। सोमवार को एक बाघ चहलकदमी करता हुआ गजरौला फार्म के समीप पहुंच गया। खेत में मोटर चालू करने जा रहे मजदूर के उस समय पसीने छूट गए जब एक बाघ गन्ने के खेत से निकलकर सामने रास्ते में आकर खड़ा हो गया।
थाना अमरिया क्षेत्र के गजरौला फार्म निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख श्रवण दत्त सिंह के खेत में गांव तिरकुनियां नसीर निवासी मजदूर जावेद अंसारी मोटर चालू करने जा रहा था। इसी बीच गन्ने के खेत से निकलकर एक बाघ रास्ते में आकर खड़ा हो गया, जिसे देख उसके पसीने छूट गए। मजदूर ने किसी तरह अपनी जान बचाकर फार्म हाउस पहुंचकर इसकी सूचना वन विभाग को दी। उसकी सूचना पर पहुंचे डिप्टी रेंजर देव ऋषि सक्सेना, चेतन कुमार, सोमपाल ने जानकारी जुटाई व पगमार्क ट्रेस किए। डिप्टी रेंजर ने बताया कि मौका मुआयना कर ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। बाघों की निगरानी और बढ़ा दी गई है।