पीलीभीत। एसडीएम चंद्रभानु सिंह ने नगर पालिका और पुलिस टीम के साथ रविवार को नगर में पालिथीन को लेकर छापा मारा। इसमें जब पालिथीन नहीं मिली तो अधिकारियों ने नाली और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले फड़-ठेला लगाने वालों को हटवाया।
एसडीएम की अगुवाई में चलाए गए अभियान के तहत अधिकारी स्टेशन रोड, सीमेंट रोड, बाजार रोड पहुंचेे। यहां दुकानों पर जाकर चेक किया गया, लेकिन पालिथीन नहीं मिली। इसके बाद नाली के ऊपर फड़ लगाने वालों को हटाया गया। अतिक्रमणकारियों को दुबारा काबिज होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आरके भार्गव ने बताया कि किसी दुकान पर पालिथीन नहीं मिली है। फिलहाल नाली और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को हटवाया गया है। एसडीएम ने बताया कि पालिथीन तो नहीं मिली है, लेकिन कुछ ऐसा सामान दुकानों पर मिला था जो पालिथीन पैकिंग में था। दुकानदारों को इसको लेकर चेतावनी दी गई है। अतिक्रमण और पालिथीन को लेकर अभियान जारी रहेगा।