पीलीभीत। कीरतपुर जौनपुर के धार्मिक स्थल को लेकर दोनों गुटों में अब भी तनाव बना हुआ है। इसे देखते हुए अफसर भी किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रहे हैं। दोबारा दोनों पक्ष न भिड़ जाएं इसके लिए धार्मिक स्थल पर पुलिस तैनात की गई है। दोनों पक्षों में मनमुटाव के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर दूसरे दिन भी चलता रहा। एसडीएम चंद्रभानु सिंह ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझा और दोनों पक्षों से बातचीत की।
कीरतपुर जौनपुर में विवाद पर 30 अगस्त 2018 को धार्मिक स्थल सील कर नायब तहसीलदार को उसका रिसीवर बनाया गया था। सिख समुदाय का रिसीवर होने और धार्मिक स्थल में पूजा-पाठ हो, इसके लिए कोर्ट के आदेश पर एसडीएम ने नगर के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान बलजीत सिंह खैरा को रिसीवर बना दिया। ग्रंथी की भी तैनाती की गई है। सील धार्मिक स्थल में शुक्रवार को रिसीवर बैठाया गया था। इसके बाद अब शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अफसर सीधे नजर रख रहे हैं। शनिवार को एसडीएम चंद्रभानु सिंह, सीओ कमल सिंह गांव पहुंचे। पुलिस बल को मौके पर तैनात रखा गया है। तनाव के हालात भी बने हुए हैं। शनिवार को दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। हालांकि एसडीएम ने दोनों शांत कराया। एसडीएम ने कहा कि धार्मिक स्थल के मूल स्वरूप में किसी कीमत पर कोई परिवर्तन न करने को कहा गया है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।