फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले यूरिया को लेकर हाहाकार, अब किसानों पर बारिश की मार

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। जिले के कुछ स्थानों पर रविवार सुबह तड़के तेज हवा के साथ हुई बारिश से जहां मौसम का मिजाज बदल गया, वहीं तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी गन्ना और धान की फसलें बिछ गईं। पहले यूरिया की किल्लत को लेकर किसान परेशान थे। इधर, अब फसलें गिरने से किसानों को चेहरों पर मायूसी छा गई है। हालांकि शहर के आसपास कुछ ही स्थानों पर धान और गन्ने की फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन पूरनपुर क्षेत्र में कई एकड़ फसलें हवा के चलते गिर गईं। इससे फसलों के उत्पादन में गिरावट की आशंका जताई जा रही है। सबसे ज्यादा नुकसान धान की फसल में होने की आशंका से किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि बाली काली पड़ सकती है और दाने का विकास भी रुक सकता है।
विज्ञापन

पिछले साल की अपेक्षा इस साल बारिश कम हुई है। इसको लेकर किसान पहले से ही परेशान थे। फसल की रोपाई के बाद किसानों को यूरिया की किल्लत से दो चार होना पड़ा। मजबूरन किसानों को महंगे दामों में यूरिया खाद करनी पड़ी। वहीं बारिश न होने से किसानों को गन्ना और धान की फसलों की सिंचाई के लिए महंगा डीजल खर्च करना पड़ा। इस बार धान की फसल पर बीमारियों का खासा प्रकोप देखा गया। इधर, अन्नदाता परेशानियां झेल कर सीधे भी नहीं हो पाए कि रविवार सुबह बारिश के साथ चली तेज हवा के चलते खेतों में खड़ी गन्ने और धान की फसल खेतों में ही बिछ गईं। किसानों का मानना है कि ऐसे हालात में फसल के उत्पादन पर फर्क पड़ना तय है। शहर के आसपास बसे गांव अलीगंज समेत टनकपुर हाइवे की दोनों तरफ के इलाकों में कुछ स्थानों पर धान और गन्ने की फसल खेतों में बिछी देखी गई।
पूरनपुर। नगर में रात को कुछ देर के लिए झमाझम बारिश हुई। रविवार दिन में आसमान में बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। आसपास के गांव में रविवार दिन में भी झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवा चलने से गन्ना और धान की फसल गिर गई। बारिश से किसान गन्ना, धान की फसल में नुकसान होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
विज्ञापन

जराकोठी। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव जराकोठी, लालपुर, शिवनगर, बानगंज, नदहा, पचपेङ़ा गढा, पौरखास, गजरौला खुर्द, गजरौला कलां और माधेटांडा क्षेत्र के गांव शाहगढ़ समेत कई अन्य गांवों में गन्ने और धान की फसल प्रभावित हुई है। कृषक जसवंत सिह, धनजीत सिह, गुरचरण सिह, राजवीर सिह, नरेंद्र कुमार, मस्तान सिह, जागीर सिंह समेत कई किसानों की सैकड़ों एकड़ गन्ने की फसल खेतों में बिछ गई। वही धान की फसल को भी खासा नुकसान हुआ है। किसान पहले खाद की किल्लत से जूझते रहे थे वहीं अब बारिश की मार से किसानों के चेहरों पर मायूसी छाई हुई है।
बारिश से कई स्थानों पर हुआ जलभराव
रविवार सुबह तड़के हुई मूसलाधार बारिश से गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं शहर के स्टेशन रोड समेतल् शहर के मुहल्ला सुनगढ़ी, नई बस्ती, कुंवरगढ़, बेनीचौधरी, फीलखाना समेत कई निचले स्थानों पर बसे अन्य मोहल्लों जलभराव हो गया। वहीं कई बड़े नाले भी उफना उठे। इधर आसमान पर पूरे दिन बादल छाए रहे।
बारिश के चलते कई घंटे गुल रही बिजली
पीलीभीत। हर बार की तरह रविवार तड़के हुई बारिश के बाद शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। तेज हवा चलने के साथ ही बिजली गुल हो गई। जिसके चलते कई घंटों तक लोगों को अघोषित कटौती की मार झेलनी पड़ी। बारिश थमने तक कटौती जारी रही। इसके बाद सप्लाई शुरू की गई तो कुछ स्थानों प र छिटपुट फाल्ट हो गए। अधिकारियों ने टीम भेजकर इसका सुधार कराया, तब जाकर सप्लाई शुरू हुई। हालांकि बाद में भी बार-बार बिजली आती-जाती रही। जिसके चलते लोगों को परेशान होना पड़ा। कटौती के दौरान मोहल्ला साहूकारा, आसफजान, डोरीलाल, अशोक कॉलोनी, निरंजनकुंज, नई बस्ती आदि इलाकों में दिक्कत अधिक रही। ब्यूरो
अभी तो धान और गन्ने की फसल को नुकसान की संभावना ज्यादा नहीं है। यदि दो-चार दिन ऐसा ही मौसम रहा तो किसानों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। - डॉ. एसएस ढाका, कृषि वैज्ञानिक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें