पीलीभीत। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा की पैरवी पर सरकार ने गांव ढकिया रंजीत के पास माला नदी पर पुल स्वीकृत कर दिया है। पुल सवा छह करोड़ की लागत से बनेगा।
विधायक ने बताया कि क्षेत्रीय जनता काफी समय से गांव ढकिया रंजीत के पास माला नदी पर पुल बनाने की मांग कर रही थी। दरअसल, गांव ढकिया रंजीत के पास माला नदी पर पुल न होने से करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। बारिश के दौरान दिक्कत और बढ़ जाती है। उपमुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुल स्वीकृत होने की सूचना पत्र भेजकर दी है। पत्र में कहा गया है कि पुल का निर्माण सवा छह करोड़ की लागत से होगा। निर्माण कार्य का जिम्मा सेतु निगम को सौंपा गया है। तीन करोड़ रुपये प्रथम किस्त के रूप में सेतु निगम को आवंटित भी कर दिए गए हैं। पुल स्वीकृत हो जाने से क्षेत्रीय जनता में खुशी की लहर दौड़ गई है।