पीलीभीत। ट्रिब्यूनल की स्थापना कलक्ट्रेट में होगी। जिला जज महताब अहमद ने जूस पिलाकर वकीलों का अनशन मंगलवार को खत्म करा दिया। उन्होंने ऐलान किया कि कलक्ट्रेट में ट्रिब्यूनल वापसी के लिए डीएम ने आश्वस्त किया है। इस विषय में काम शुरू कर दिया गया है। अनशन खत्म होने के साथ ही पिछले 11 दिन से जारी वकीलों की कलमबंद हड़ताल स्थगित हो गई। बुधवार को अदालतों में विधिवत न्यायिक कार्य होगा।
मोटर वाहन दुर्घटना के प्रतिकर संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए गठित ट्रिब्यूनल को कचहरी से तीन किमी दूर एक्सीडेंट जोन में स्थापित करने का अधिवक्ता विरोध कर रहे थे। इसको लेकर पिछले 11 दिनों से अधिवक्ता कलमबंद हड़ताल पर रहकर क्रमिक अनशन कर रहे थे। ट्रिब्यूनल को कलक्ट्रेट में वापस लाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला जज महताब अहमद से अनुरोध किया था। इस बाबत डीएम से भी वार्ता हुई। मंगलवार दोपहर जिला जज अनशन स्थल पर पहुंचे। उनके साथ अपर सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला, स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट अभिषेक पांडे और ट्रिब्यूनल कोर्ट के जज अनिल सिंह भी रहे। जिला जज ने कहा कि डीएम ने ट्रिब्यूनल को कलक्ट्रेट में वापस लाने की सहमति दे दी है। इस बाबत भवन को ठीक कराने का काम शुरू हो गया है। शीघ्र ट्रिब्यूनल कलक्ट्रेट में आ जाएगा। उन्होंने अनशन पर बैठे वकीलों को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। संयुक्त बार अध्यक्ष रामौतार रस्तोगी, सचिव साबिर हुसैन अंसारी, सेंट्रल बार अध्यक्ष शिव शर्मा, सिविल बार उपाध्यक्ष अनवार अहमद ने जिला जज के आश्वासन पर मौके पर ही आंदोलन स्थगित करने और बुधवार से अदालती कामकाज करने का ऐलान किया। इस मौके पर संयुक्त बार कोषाध्यक्ष महेंद्र मिश्र, अधिवक्ता धीरेंद्र मिश्र, किशनलाल, विवेक पांडे, बाबूराम शर्मा, एसएम उरूज, मुर्तजा अली, अश्वनी सिंह, एमएमए कादरी, अशोक पाठक, यशवंत पांडे आदि मौजूद रहे। इसी के साथ छह सितंबर से ठप अदालती कामकाज बुधवार शुरू हो जाएगा।