माधोटांडा। गोमती उद्गम स्थल के सौंदर्यीकरण के साथ ही दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो सूट का का एक गेस्ट हाउस को मंजूरी मिली है। इसके लिए 18 लाख रुपये की लागत से समाज कल्याण निर्माण निगम ने गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है।
माधोटांडा के फुलहर क्षेत्र में स्थित गोमती उद्गम स्थल के विकास कार्यों की दो साल पूर्व शुरू हुई कवायद के बाद काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। तत्कालीन डीएम अखिलेश मिश्रा के निजी प्रयासों के बाद पहले तो अविरल धारा बहाने के लिए खुदाई शुरू करवाई गई थी। इसके बाद दुर्गा नाथ ट्रस्ट का गठन कर उद्गम स्थल पर विकास कार्य शुरू करवाए गए। नतीजा भी सफल निकला, उद्गम स्थल आज पर्यटन के रूप में भी जाना जाने लगा है। जनपद के अलावा दूर दराज के श्रद्धालु उद्गम स्थल पहुंच रहे है। इधर जिला प्रशासन ने गेस्ट हाउस के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इसके लिए क्रिटिकल गैप योजना से 18 लाख रुपये स्वीकृत कर समाज कल्याण निर्माण निगम को कार्य सौंपा है। माधोटांडा कस्बे में कृषि खाद बीज गोदाम की जर्जर पड़े स्थान को चिह्नित किया है। समाज कल्याण निर्माण निगम द्वारा कार्य भी शुरू कर दिया गया है। ग्राम प्रधान किरण सिंह ने बताया कि गेस्ट हाउस में दो कमरों के अलावा बरामदा, बाथरूम आदि बनाया जाएगा। इसका कार्य शुरू कर दिया गया है।