बीसलपुर। भाकियू ने 16 सूत्री मांगों के समर्थन में सोमवार को नगर में जुलूस निकाला। बाद में तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भाकियू कार्यकर्ता सोमवार को मंडी परिसर में जमा हुए। इसके बाद जुलूस की शक्ल में तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। तहसील कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सौरभ दुबे को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 16 सूत्री ज्ञापन दिया। ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में निजी नलकूप के शुल्क में की गई वृद्धि वापस लेने, किसानों को मुफ्त बिजली देने, राजस्व वसूली बंद करने, शेष गन्ना मूल्य का भुगतान तत्काल कराने आदि की मांग की गई है। जुलूस में भाकियू महिला प्रकोष्ठ के तहसील अध्यक्ष जयंती देवी, दुर्गाप्रसाद, भीमसेन, महिपाल, तिलकराम, रामप्रताप, जयसिंह, राजाराम, हीरालाल और रामपाल समेत काफी कार्यकर्ता शामिल थे।