पीलीभीत। शासन के निर्देश पर गुरुवार को एआरटीओ ने टीम के साथ बीसलपुर, पूरनपुर रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। ओवरलोडिंग रोकने को मैजिक और पिकअप के पायदान कटवाए गए। चेकिंग के दौरान 20 वाहनों का चालान किया गया और चार मैजिक सीज की गई हैं।
मिलीभगत के चलते डग्गामारी और ओवरलोडिंग बंद नहीं हो रही है। गुरुवार को एआरटीओ अमिताभ राय ने यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) राकेश मोहन के साथ बीसलपुर और पूरनपुर रोड पर चेकिंग की। इस दौरान ऑटो, मैक्स, मैजिक समेत 70 वाहनों में सवारियां लटकी मिलीं। इन वाहनों के पायदान कटवाए गए। इस दौरान कुछ चालकों ने पायदान कटवाने का विरोध करने की कोशिश की। पीलीभीत से पूरनपुर की ओर आने वाली दो मैजिक और दो ऑटो में सवारियां मानक से अधिक मिलने पर सीज कर दिए गए। छोटे-बड़े करीब बीस वाहनों के चालान भी किए गए।