बीसलपुर/चुर्रासकतपुर। एक माह से यूरिया खाद न मिलने से क्षुब्ध किसानों ने गुरुवार को परेवा किशनी साधन सहकारी समिति परिसर में सहकारिता विभाग के अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
काफी किसान गुरुवार को परेवा किशनी साधन सहकारी समिति परिसर में जमा हुए ओर एक माह से खाद न मिलने को लेकर सहकारिता विभाग के अधिकारियों के विरोध में नारेबाजी करने लगे। किसानों का आरोप था कि सहकारिता विभाग के अधिकारी जानबूझकर समिति में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, इससे किसानों को दिक्कत हो रही है। किसानों ने पौन घंटे बाद यह निर्णय लेकर प्रदर्शन खत्म कर दिया कि यदि तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे तहसील परिसर में सहकारिता विभाग के विरोध में बेमियादी धरना शुरू कर देंगे। प्रदर्शन और नारेबाजी करने वालों में तेजपाल, रामऔतार, अवधेश कुमार, पप्पू, श्यामाचरन, रामदास शर्मा, धनपाल, प्रेमशंकर, सत्यपाल, जीवन लाल आदि शामिल थे।
किसान न हो परेशान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है खाद
पीलीभीत। एआर कोऑपरेटिव वीर विक्रम सिंह ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष यूरिया की उपलब्धता पर्यापत है। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं। बताया कि यूरिया लक्ष्य के सापेक्ष किसानों के व्यापक हित को देखते हुए उपलब्ध है।