पूरनपुर। स्वामी एजुकेशनल स्कूल के कक्षा छह के छात्र का अपहरण करने की कोशिश करने का आरोप लगने के बाद उसके ही गांव के दो युवकों की लोगों ने पिटाई कर दी। इसके बाद उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। छात्र के पिता ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। वहीं आरोपी खुद को निर्दोष बता रहे हैं।
गांव अभयपुर माधौपुर निवासी अमरदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनका पुत्र प्रिंसदीप सिंह (14) बृहस्पतिवार को रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद घर आने के लिए स्कूली वाहन में सवार हो रहा था। इस बीच दोनों आरोपी बाइक से आए और छात्र को पूरनपुर की तरफ ले जाने लगे। पूछने पर चीज खिलाने के बाद उसे घर छोड़ने की बात कही। कुछ आगेे बढ़ते ही उसने स्कूल के शिक्षकों को खड़ा देखा तो शोर मचा दिया। जिसके बाद राहगीरों की मदद से शिक्षकों ने आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पिटाई के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि मामला अपहरण का नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इधर, आरोपियों का कहना है कि वह अक्सर स्कूल में आते थे। बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने देखकर शोर-शराबा कर उनकी बाइक की चाबी छीन ली और अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को सौंप दिया। ब्यूरो