पीलीभीत। बारिश के चलते शहर के नौगवां रेलवे क्रासिंग के निर्माणाधीन अंडरपास का कार्य रोक दिया गया है। पानी भर जाने के चलते निर्माण में बाधाएं आ रही है।
पीलीभीत-भोजीपुरा रेलवे ट्रैक पर बड़ी लाइन का संचालन होने के बाद ट्रैफिक को देखते हुए शहर के नौगवां पकड़िय़ा रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास के लिए रेलवे अफसरों ने प्रक्रिया शुरू की। फरवरी के पहले सप्ताह में अंडरपास निर्माण को मंजूरी मिल गई थी। तीन माह पूर्व निर्माण कार्य शुरू हुआ था। जेसीबी की मदद से खुदाई करने के बाद आरसीसी के बॉक्स भी लगा दिए गए थे। फाउंडेशन का कार्य किया जा रहा है, लेकिन बारिश के चलते करीब एक माह पूर्व काम रोक दिया गया। इधर निर्माण कार्य पूरा न होने से राहगीरों को खासी परेशानी हो रही है। पीआरओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि बरसात के चलते निर्माण कार्य रुक- रुककर हो रहा है। कार्यदायी संस्था को नियमित रूप से कार्य करने के विभागीय निर्देश दिए गए है।