पीलीभीत। प्रचार प्रसार के अभाव में कन्या सुमंगला योजना में अब तक केवल 40 आवेदन प्रोबेशन विभाग को प्राप्त हुए हैं। इस योजना के तहत आवेदन को बेटी की पढ़ाई और अन्य कार्यों के लिए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में 15 हजार रुपये प्राप्त होंगे। 23 अगस्त को सीएम योगी आदित्यनाथ योजना का ऐलान कर सकते हैं।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत सरकार की ओर से अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। बेटी की पढ़ाई, शादी आदि में गरीबों के सामने धन की दिक्कत आड़े न आए इसके लिए केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना चल रही है। अब प्रदेश सरकार ने बेटियों के लिए कन्या सुमंगला योजना शुरू की है। इस योजना का संचालन जिला प्रोबेशन कार्यालय करेगा। इसमें बेटियों के जन्म सेे लेकर उसके ग्रेजुएशन में प्रवेश तक प्रदेश सरकार बेटी के खाते में सीधे 15 हजार रुपये जमा कराएगी। यह योजना बेटियों के जन्म, शिक्षा, स्वास्थ्य तीनों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। मगर अभी पोर्टल शुरू नहीं हुआ है। आवेदनों को मैनुअल ही विभाग में फार्म जमा कराने हैं। मगर प्रचार प्रसार के अभाव में अभी तक 40 आवेदन ही विभाग को प्राप्त हुए है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम ने बताया कि करीब 30 हजार आवेदन पत्र मंगाए गए थे, योजना में शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग आदि का सहयोग लिया जा रहा है। फिलहाल 40 आवेदन आए हैं। योजना का शुभारंभ शीघ्र ही होना है, जिसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।
यह है योजना
बेटी के जन्म होने के बाद खाते में दो हजार रुपये भेजे जाएंगे। एक साल का टीकाकरण पूरा होने पर एक हजार रुपये, कक्षा एक व छह में प्रवेश लेने पर दो हजार रुपये, कक्षा नौ में प्रवेश लेने पर तीन हजार रुपये, ग्रेजुएशन कोर्स में प्रवेश लेने पर पांच हजार रुपये खाते में भेजे जाएंगे।