पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मदरसों में राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा और राष्ट्रगान गूंजेगा। इस दौरान विद्यार्थी शहीदों की वीरता के सुनाएंगे और पौधरोपण भी करेंगे। प्रदेश सरकार ने मदरसों में स्वतंत्रता दिवस मनाने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं उत्कृष्ट कार्यक्रम कराने वाले मदरसों को सम्मानित किया जाएगा।
मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार एसएन पांडेय ने जारी पत्र में कहा है कि मदरसों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाए। स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला जाए। छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीतों का प्रस्तुतीकरण कराने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले शहीदों के संबंध में जानकारी दी जाए। इसके अलावा परिसर में पौधरोपण करें और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी मो. खालिद ने बताया कि रजिस्ट्रार के निर्देश पर जिले के सभी 222 मदरसों में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण मिल गया है। उत्कृष्ट कार्यक्रम कराने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजन के लिए मदरसों को निर्देश जारी कर दिए हैं।