बीसलपुर। एसडीएम द्वारा दो अधिकारियों से कराई गई जांच में आत्मदाह की कोशिश करने वाला रामबहादुर प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र पाया गया है। अब उसे बहुत जल्द प्रधानमंत्री आवास मिल जाएगा।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी निवासी रामबहादुर मौर्य प्रधानमंत्री आवास न मिलने से क्षुब्ध होकर मंगलवार को तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मिट्टी का तेल लेकर आत्मदाह करने पहुंचा था। रामबहादुर अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़कने ही वाला था कि पुलिस ने उसके हाथ से मिट्टी के तेल की बोतल छीन ली थी। उसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसे एसडीएम सौरभ दुबे के समक्ष पेश किया था। रामबहादुर ने एसडीएम को बताया कि वह बेहद गरीब है। उसका टूटा-फूटा घर बारिश में टपकता है। वह प्रधानमंत्री आवास प्राप्त करने के लिए डेढ़ वर्ष में सात बार आवेदन कर चुका है, लेकिन 20 हजार रुपये रिश्वत न दे पाने की वजह से उसे आवास स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। एसडीएम ने तहसीलदार विजय त्रिवेदी और नगर पालिका परिषद की ईओ वंदना शर्मा को रामबहादुर की पात्रता की जांच करने के निर्देश दिए थे। दोनों अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर जाकर जांच की। बाद में जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। एसडीएम ने बताया कि जांच में रामबहादुर प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्र पाया गया है। उससे आवेदन ले लिया गया है। जल्द ही उसे प्रधानमंत्री आवास मिल जाएगा।