पीलीभीत। बरेली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर को हुए सड़क हादसे में कार सवार अलीगढ़ के सात लोगों की मौत और शनिवार को असम हाईवे पर गजरौला कस्बे के पास ट्रकों की भिड़ंत में तीन की मौत का मामला शासन तक पहुंचा है। इसको संजीदगी से लेते हुए शासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जिसके चलते रविवार को उप-परिवहन आयुक्त वीके सोनकिया पीलीभीत आए और दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
उन्होंने भी बरेली हाईवे पर हुए हादसे के पीछे कारण बताई जा रही अधूरी छोड़ी गई पुलिया को लापरवाही बताया। कार्य भी सुस्त गति से चलता मिला। उनके साथ आरटीओ बरेली जय शंकर तिवारी भी आए थे। मौके पर की गई पड़ताल में हादसे की वजह अधूरी पुलिया और लगाया गया मिट्टी का ढेर ही निकलकर आया। उन्होंने सड़क के दोनों ओर सूचतांक बोर्ड लगाने और सुरक्षा संबंधी समस्त बंदोबस्त करने को कहा। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि दोनों दुर्घटनास्थल पर जाकर आला अधिकारियों ने जांच की है। प्रयास होगा कि मृतकों के परिजन को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाई जा सके। एनएचएआई से भी रिपोर्ट मांगी गई है। ब्यूरो