न्यूरिया (पीलीभीत)। दहेज में दस लाख रुपये, बुलेट समेत 20 लाख की मांग पूरी करने से इंकार करने पर वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की के घरवालों ने काफी गुजारिश की, मगर एक नहीं सुनी। एएसपी के आदेश पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ की धारा में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसमें चार को नामजद किया गया है।
क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी की शादी चार जनवरी को जहानाबाद छाना क्षेत्र के गांव नवदिया बिसेन गांव निवासी प्रेमशंकर से तय हुई थी। लड़की को देखने के बाद शादी की तारीख चार मार्च 2020 तय की गई। दस जनवरी को वर पक्ष ने घर आकर गोद भराई की रस्म भी पूरी कर ली। परिवार में शादी को लेकर तमाम इंतजाम किए जाने लगे। इसमें काफी खर्च भी हो चुका है। 22 जनवरी को बेटी घर पर अकेली थी। इस बीच प्रेमशंकर घर पहुंचा और पीड़ित की बेटी को एक मोबाइल दिया। उसने अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। किसी तरह बेटी ने खुद को बचाया। शादी के कार्ड छपवाकर परिजन बांट रहे थे। आरोप है कि तीन फरवरी को अचानक वर पक्ष के लोग आए और दहेज में दस लाख रुपये, बुलेट बाइक और अन्य सामान समेत 20 लाख की डिमांड की। पीड़ित ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई। इस पर वर पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी जब लड़का और उसके घरवाले नहीं माने तो सात फरवरी को एएसपी से मिलकर गुहार लगाई। एएसपी रोहित मिश्र ने मामले में कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर बिरजाराम ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रेमशंकर, हेमराज, शांतिदेवी और मनोहर लाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।