पीलीभीत। कचहरी गेट पर युवती को परिजन द्वारा जबरन ले जाने के मामले में सीओ सिटी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने अग्रिम कार्रवाई की है। सीओ की जांच में लापरवाही मिलने पर दरोगा समेत तीनों पुलिसकर्मियों को नोटिस भेजे गए हैं। अब उनका जवाब संतोषजनक न होने पर दंडित किया जाएगा।
माधोटांडा क्षेत्र की एक युवती मंगलवार को किसी लड़के से शादी करने के लिए कचहरी पहुंची थी। पीछे से आए परिजन युवती को पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए थे। पुलिस मूकदर्शक बनी खड़ी रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने सीओ धर्म सिंह मार्छाल से जांच कराई तो कचहरी गेट पर ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा और दो सिपाहियों की लापरवाही निकली थी। उनकी ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए थे। सीओ की रिपोर्ट मिलने के बाद अब एसपी ने तीनों को नोटिस भेजे हैं। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि तीनों सिपाहियों की लापरवाही जांच में निकली है। ऐसे में तीनों को विभागीय दंड देने से पहले जवाब तलब किया गया है। उनको नोटिस भेजे गए हैं। पुलिसकर्मियों का जवाब मिलने के बाद अग्रिम कदम उठाया जाएगा। वहीं तीनों पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई लगभग तय मानी जा रही है। जवाब मिलने में संतुष्ट न होने पर मिस कंडक्ट मिलने की चर्चा तेज है।