पीलीभीत। लगातार बढ़ रहे संक्रमण को देखते मतगणना में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने पर जोर दिया गया है। संक्रमित हो चुके कर्मचारियों के स्थान पर दूसरों की ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रत्याशी के एजेंट को भी थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। अगर तापमान अधिक निकलता है तो उसे संदिग्ध कोविड मरीज मानकर बाहर ही रोक दिया जाएगा। इसके लिए मेनगेट पर भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
पंचायत चुनाव की मतगणना दो मई को होनी है। मतदान के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। ऐसे में उनके स्थान पर रिजर्व से कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। ड्यूटी हटवाने के लिए संबंधित कर्मचारी की कोरोना की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। जिनकी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, उनकी ड्यूटी मतगणना से हटा दी गई है। वहीं संक्रमण न फैले। इसके लिए एक टेबल पर एक ही एजेंट मौजूद रहेगा। उसके प्रवेश को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। सीडीओ ने बताया कि मेनगेट पर कर्मचारी थर्मल स्कैनर के साथ रहेंगे। सभी की चेकिंग होगी। अधिक तापमान निकलने पर संबंधित को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए है। सैनिटाइजर इस्तेमाल, मास्क प्रयोग और सामाजिक दूरी बनाने पर भी सख्ती होगी।
मतगणना में कोरोना प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक टेबिल पर एक ही एजेंट रहेगा। एजेंट को भी प्रवेश थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मिलेगा। अगर तापमान अधिक आता है तो प्रवेश नहीं मिलेगा। सामाजिक दूरी और मास्क प्रयोग सख्ती से कराया जाएगा। अगर किसी कर्मचारी की ड्यूटी लगी है और वह संक्रमित हो चुका है, तो उसके स्थान पर दूसरे को लगाया जा रहा है। - प्रशांत श्रीवास्तव, सीडीओ