ठेली पर दो बोरी चीनी पकड़े जाने के मामले की सप्लाई इंस्पेक्टर ने जांच पूरी कर ली है। जांच में चीनी कालाबाजारी के लिए बाजार ले जाने की पुष्टि हुई है। सप्लाई इंस्पेक्टर ने जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है।
पूरनपुर देहात के मोहल्ला रजागंज निवासी ग्राम पंचायत सदस्य असलम ने लोगों के सहयोग से 21 जनवरी को ठेली पर लादकर ले जाई जा रही दो बोरी चीनी पकड़ी थी। हंगामा होने पर ठेली वाला ठेली छोड़कर खिसक गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने चीनी लदी ठेली को कब्जे में ले लिया था। ग्राम पंचायत सदस्य ने राशन कोटेदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मामले की शिकायत एसडीएम से की थी। एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक अनिल श्रीवास्तव ने मामले की जांच की। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच मेें कोटेदार दोषी पाया गया है। चीनी कालाबाजारी के लिए ले जाने की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है।