बीसलपुर की गांव चुरा गोटिया में विद्यालय बंद होने के विरोध में प्रदर्शन करते अभिभावक और बच्चे
चुर्रासकतपुर। परिषदीय स्कूलों के विलय का विरोध थम नहीं रहा है। प्राथमिक विद्यालय चुर्रा गोटिया का विलय किए जाने से नाराज अभिभावकों और बच्चों ने शुक्रवार को स्कूल के गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया।
शुक्रवार सुबह अभिभावक और बच्चे विद्यालय द्वार पर एकत्र हुए और गांव का विद्यालय बंद करने के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। अभिभावकों का कहना था कि उनके गांव का प्राथमिक विद्यालय गलत ढंग से बंद किया गया है। कहा कि वे अपने बच्चों को दो किलोमीटर दूर चुर्रासकतपुर के विद्यालय में नहीं भेजेंगे।
एक घंटे बाद अभिभावकों ने यह निर्णय लेकर प्रदर्शन खत्म कर दिया कि अगर विद्यालय एक सप्ताह में नहीं खोला गया तो वे लोग अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। प्रदर्शन करने वालों में लक्ष्मी देवी, सोमवती, गुरुपाल, रोहित, शशिकपूर, मोहित कुमार, राजकुमार, झंकार सिंह, रामबेटी, कृष्ण पाल, माया देवी, सियाराम, रघुनाथ, धर्मपाल, चंद्रकली, मीना देवी, फूलमती और जयपाल आदि शामिल रहे।