- घटना से तहसील परिसर में मच गई भगदड़
- झुलसे बच्चे को सीएचसी में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। तहसील परिसर स्थित वकालत खाने में करंट लगने से एक बच्चा झुलस गया है। इससे तहसील परिसर में खलबली मच गई। बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मोहल्ला बख्तावरलाल निवासी शबीना बानो ने बताया कि वह सोमवार को तहसील परिसर स्थित वकालत खाने में अपनी एक समस्या को लेकर अधिवक्ता से मिलने आईं थीं। साथ में उनका पुत्र मोहम्मद अरहान (7) भी था। शबीना बानो अपनी समस्या को लेकर अधिवक्ता से वार्ता करने लगीं। इसी बीच उनके पुत्र ने पड़ोस में लगे लोहे के एक पाइप को पकड़ लिया। पाइप में करंट आ रहा था। करंट लगते ही बच्चा झुलस गया। पाइप बिजली के खंभे से सटा हुआ था, ऐसा बताया जा रहा है।
बच्चे की चीख सुनकर शबीना और कई अधिवक्ता ने बमुश्किल उसे पाइप से अलग किया। बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना से तहसील परिसर में खलबली मच गई। अधिवक्ता झुलसे बच्चे को देखने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। डॉक्टर ने बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई है। सूचना मिलते ही पॉवर कारपोरेशन के कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति बंद कर दी।