एसआरएम इंटर कॉलेज बीसलपुर के बाल वैज्ञानिक अखिलेश कुमार कश्यप का चयन राष्ट्र स्तरीय इंस्पायर विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया है। अखिलेश बरेली मंडल के इकलौते बाल वैज्ञानिक है, जिनका चयन किया गया है।
इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत लखनऊ में 27 व 28 अगस्त को चतुर्थ राज्य स्तरीय इंस्पायर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश भर के करीब 1058 मॉडलों का प्रदर्शन किया गया था। इंस्पायर अवार्ड प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में एसआरएम इंटर कॉलेज बीसलपुर के छात्र अखिलेश कुमार कश्यप ने सोलर स्प्रे पंप के मॉडल का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में अखिलेश के अक्षय ऊर्जा का कृषि में उपयोग शीर्षक संबंधी मॉडल का चयन राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। अखिलेश अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता युवक कुमार, मां गेंदा देवी, चाचा नरेशचंद्र, मार्गदर्शक संजय कुमार दुबे व इंस्पायर अवार्ड प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा को देते हैं। अखिलेश की उपलब्धि पर डीआईओएस जेके वर्मा, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्यामा कुमार, इंस्पायर प्रभारी हृदयेश शर्मा, टीम लीडर नवेंद्र गंगवार, प्रभाकर यादव आदि ने उन्हें बधाई दी।
पर्यावरण को नहीं होगा नुकसान
बाल विज्ञानी अखिलेश बताते हैं कि वर्तमान में देश की 60 प्रतिशत कृषि भूमि पर कार्य करने वालों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। मजदूरों आदि की कमी के चलते समय से दवाओं का छिड़काव नहीं हो पाता है। इसको देखते हुए ही सोलर स्प्रे पंप का मॉडल तैयार किया गया है। सोलर स्प्रे पंप से मजदूरों आदि का प्रबंधन नहीं करना पड़ेगा। समय की बचत, शारीरिक बल का कम व्यय आदि इसकी विशेषताएं हैं। खास बात यह है कि इससे पर्यावरण को भी हानि नहीं होगी।