पीलीभीत में साइबर पुलिस पोर्टल से मिली शिकायत की जांच में थाना न्यूरिया पुलिस ने इंस्टाग्राम पर बच्ची से अश्लीलता से संबंधित वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला पकड़ा है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
थाना न्यूरिया में तैनात उपनिरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि भारत सरकार के साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से 29 अक्तूबर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। इस शिकायत में एक इंस्टाग्राम आईडी से आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की जानकारी दी गई थी। उपनिरीक्षक ने संबंधित आईडी की जांच शुरू की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि धर्मपाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से 26 अक्तूबर को बच्चों से संबंधित वीडियो पोस्ट किए गए थे, जो साइबर कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।
स्पष्ट नहीं हो सका आरोपी का पता
मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी का पता स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। पोर्टल के माध्यम से अन्य जानकारी जुटाकर जांच को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।