उपाधि महाविद्यालय के
विद्यार्थियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर चीफ प्रॉक्टर व क्रीड़ा
प्रभारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। विद्यार्थियों ने चीफ प्रॉक्टर व
क्रीड़ा प्रभारी को बर्खास्त करने व प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने की
मांग की।
महाविद्यालय में बुधवार को बीकाम फाइनल की छात्रा स्वाति
मिश्रा समेत कुछ विद्यार्थियों ने क्रीड़ा प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर
विश्वविद्यालय एथलीट में भाग लेने के लिए ट्रैक सूट उपलब्ध कराने की मांग
की थी।
बताते हैं कि इस दौरान वहां मौजूद प्राचार्य व चीफ प्रॉक्टर से
विद्यार्थियों की कहासुनी हो गई। इधर बृहस्पतिवार को महाविद्यालय के
विद्यार्थियों ने डीएम/कंट्रोलर को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट
जितेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि पिछले
वर्ष विश्वविद्यालय एथलीट के दौरान छात्राओं के पास ट्रैक सूट न होने से
उन्हें प्रतिभाग करने से रोक दिया गया था। इसको लेकर नौ दिसंबर को क्रीड़ा
अधिकारी डॉ. विनय गर्ग को ज्ञापन सौंपकर ट्रैक सूट उपलब्ध कराने की मांग की
गई थी।
आरोप है कि वहां मौजूद चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरसी शुक्ला व क्रीड़ा
प्रभारी ने विद्यार्थियों के साथ धक्कामुक्की कर अभद्रता की। वहीं
विद्यार्थियों का पक्ष लेने पर छात्र नेता सतीश गिरि पर प्राचार्य ने
निष्कासित करने की कार्रवाई कर दी।
ज्ञापन में अभद्रता करने वाले चीफ
प्रॉक्टर व क्रीड़ा प्रभारी को बर्खास्त करने और प्राचार्य के खिलाफ कानूनी
कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में स्वाती मिश्रा, अंजुम
बी, एकता राठौर, जसवंती, निशांत, गंगादेवी, रेशमा, पूजा गंगवार, ज्योति
गिरि, रेनू वर्मा, कमलेश कुमारी, राधा रानी, शशांक गंगवार, सचिन, प्रदीप,
मनोज आदि मौजूद रहे।
000
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय
एथलीट में शामिल होने के लिए नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। कुछ
विद्यार्थी बेवजह बुधवार को अभद्रता पर आमादा हो गए थे। उनके द्वारा लगाए
गए सभी आरोप निराधार है।
- प्रमोद कुमार सिंह, प्राचार्य, उपाधि महाविद्यालय
000
विश्वविद्यालय
एथलीट में भाग लेने वालों का ट्रायल कराया गया था। इसमें मात्र दो तीन
छात्राएं ही चयनित की गईं। ट्रैक सूट देने का प्रावधान नहीं है और न ही कभी
दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं।
- डॉ. विनय गर्ग, क्रीड़ा प्रभारी, उपाधि महाविद्यालय
छात्र नेता सतीश गिरि को प्राचार्य ने किया निष्कासित
पीलीभीत।
उपाधि महाविद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा ज्ञापन देने के दौरान हुई
नोकझोंक में बीच बचाव करना छात्रनेता व एमए फाइनल के छात्र सतीश गिरि को
महंगा पड़ गया। प्राचार्य ने अभद्रता करने के आरोप पर छात्र नेता को अग्रिम
आदेश तक निष्कासित कर दिया।
हुआ यूं कि बुधवार को ज्ञापन देने के दौरान
विद्यार्थियों व क्रीड़ा प्रभारी के बीच नोकझोंक हो रही थी। इस बीच छात्र
नेता भी मौके पर पहुंच गए और बीच बचाव करने लगे। प्राचार्य डॉ. प्रमोद
कुमार सिंह के मुताबिक छात्रनेता उनसे व अन्य प्रवक्ताओं से अभद्रता करने
लगे।
अभद्रता करने पर उन्हें अग्रिम आदेश तक निष्कासित कर दिया गया है।
मामले से डीएम/कंट्रोलर को भी अवगत कराया जा चुका है। इधर छात्र नेता सतीश
गिरि ने अभद्रता करने को आरोप को पूरी तरह से निराधार बताया।