बरखेड़ा। बिजली आपूर्ति न आने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा में स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल की टाॅर्च जलाकर काम करना पड़ा। जेनरेटर न चलने से मरीज भी परेशान नजर आए। प्रधानमंत्री मातृत्व जांच शिविर में पहुंची गर्भवती और महिलाओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को सीएचसी में प्रधानमंत्री मातृत्व जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच और दवा दी गई। चिकित्सक डॉ. मनीषा चौरसिया ने बताया कि शिविर में 112 महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सक डॉ. प्रवेश आनंद के छुट्टी पर होने के कारण 66 गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए टोकन देकर जिला अस्पताल भेजा गया। अन्य की खून जांच व दवा दी गई। इसी समय बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शिविर में पंजीकरण और अन्य पटल संभाल रहे कर्मचारियों को मोबाइल की टाॅर्च जलाकर काम करना पड़ा। मरीज भी मोबाइल की टार्च जलाकर परिसर में खड़े नजर आए। बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे तक बाधित रही।