शहर के नौगवां चौराहे पर खड़ी बस। संवाद
पीलीभीत। शहर के नौगवां चौराहे पर अव्यवस्थाएं हावी रहीं। जिम्मेदारों ने बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों का संचालन रोकने का प्रयास किया, लेकिन रोडवेज बस संचालकों की मनमानी के चलते इस चौराहे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इससे यहां से गुजरने वाले छोटे वाहन चालकों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ा।
सावन में शिव मंदिरों को पहुंचने वाले भक्तों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसको लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। शहर के नौगवां चौराहे से ईदगाह, टाइगर तिराहे से ईदगाह और एकता सरोवर से ईदगाह मार्ग पर बड़े वाहनों का संचालन न करने का निर्णय लिया गया था। प्रशासनिक स्तर से तैयार किया गया खाका रविवार को फेल साबित हुआ।
रविवार की दोपहर करीब 11:56 बजे नौगवां चौराहे से टनकपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर बसें सवारी के इंतजार में खड़ी दिखाई दी। जबकि इस चौराहे पर बसों के खड़े होने की भी अनुमति नहीं थी। इसके अलावा शहर के असम चौराहे से बरेली जाने वाले मार्ग पर बसों की आवाजाही दिखाई दी, शाहजहांपुर मार्ग पर 11:45 बजे यात्रियों को डग्गामार वाहन के सहारे जाना पड़ा। वहीं टाइगर तिराहे से शहर के अंदर भारी वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया।