चेंकिग करते एआरटीओ । स्रोत - एआरटीओ
पीलीभीत। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बृहस्पतिवार को एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, नेशनल हाईवे पर ओवरस्पीड में चल रहे वाहनों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान वाहनों की गति नापने वाली इंटरसेप्टर मशीन द्वारा मार्ग पर ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। भारी वाहनों के लिए स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा और हल्के वाहनों के लिए स्पीड लिमिट अधिकतम 80 किलोमीटर प्रतिघंटा निर्धारित है। 41 चार पहिया वाहन निर्धारित गति सीमा से ओवरस्पीड में चलते पाए जाने पर उनका चालान किया गया।
चेकिंग के दौरान क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर संचालित हो रहीं इको, मारुति वैन समेत चार वाहनों के विरुद्ध चालान, बिना परमिट एक वाहन और बिना टैक्स जमा किए संचालित हो रहे दो वाहनों का चालान किया गया। फिटनेस व टैक्स समाप्त होने पर दो ऑटो टेंपो, जोकि चार सीट क्षमता होने के बावजूद वाहन में 11 व 13 सवारियों का परिवहन करते पाए गए, सीज करते हुए उन्हें थाना गजरौला में खड़ा करा दिया। साथ ही वाहन चालकों को नियंत्रित गति से ही वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।