पीलीभीत। नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के चेयरमैन संदीप कौर के पति को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने व्हाट्सएप कॉल, मेसेज और फेसबुक पोस्ट के जरिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लगातार धमकियां दीं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दीपक सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के चेयरमैन के पति संतोख सिंह संधू ने थाना सुनगढ़ी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग नंबरों से लगातार व्हाट्सएप मेसेज और वॉइस कॉल की जा रही थीं। इन संदेशों और कॉल में उनके व उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इससे परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। आरोपी ने फेसबुक पर उनकी फोटो लगाकर आपत्तिजनक पोस्ट भी साझा की। पोस्ट में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जबकि कमेंट बॉक्स में भी अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
उनका कहना है कि इससे उनकी सामाजिक छवि धूमिल हुई है और मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि धमकी देने वाले युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए सुनीगढ़ क्षेत्र के रामलीला रेलवे क्रॉसिंग के निकट रहने वाले आरोपी दीपक सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। संवाद