प्रशासन को नगर पालिका चेयरमैन से शांति भंग की आशंका है। नगर मजिस्ट्रेट पीलीभीत ने एक मामले में नगर पालिका चेयरमैन सहित दोनों पक्षों के चार लोगों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई है।
नगर के मोहल्ला चौक निवासी नरेश वर्मा की पुत्री ने उत्पीड़न को लेकर अपने पति मोहल्ला निवासी राजीव वर्मा के खिलाफ दहेज मांगने, मारपीट कर घायल करने आदि की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीलीभीत में तारीख पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। पीलीभीत कोतवाली पुलिस ने मामले की एनसीआर दर्ज की थी।
उधर, नगर मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की है। इसमें लड़की पक्ष के नरेश वर्मा जबकि दूसरे पक्ष से संजीव वर्मा, मनोज जायसवाल, नगर पालिका चेयरमैन प्रदीप जायसवाल उर्फ लल्लन का नाम शामिल है।
नगर पालिका चेयरमैन प्रदीप जायसवाल ने बताया कि नरेश वर्मा का उसके दामाद से कोई विवाद हो गया था। नरेश वर्मा ने एफआईआर भी कराई थी। मामले से उनका कोई मतलब नहीं है। उनके खिलाफ मुचलका पाबंद की हुई कार्रवाई की उनको जानकारी नहीं है।