पीलीभीत। एटीएम का पैनल उखाड़ने के मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका है। एटीएम कंपनी के अधिकारियों से मिली सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश लोहे की रॉड से तोड़फोड़ करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के मुताबिक घटना रात 10.30 बजे के आसपास की निकली। अब पुलिस फुटेज की मदद से खुलासे की राह तलाश रही है।
कोतवाली से सौ मीटर दूर लोटन महाराज चौराहा के पास ‘इंडिया-1’ कंपनी का एटीएम है। रविवार रात उसमें चोरी की कोशिश की गई थी। आगे का पैनल चोर ने उखाड़ दिया था, मगर कैश बॉक्स को तोड़ने में सफलता नहीं मिल सकी थी। सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। जोनल मैनेजर अमित मिश्रा की तहरीर पर अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस मामले में मंगलवार को भी पुलिस के हाथ कोई खास सुराग नहीं लग सका है। कैश चोरी न होने पर अधिकारी से लेकर मातहत इस घटना को लेकर संजीदा नहीं है। एटीएम कंपनी के अधिकारियों ने एक सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराई। इसके आधार पर घटना देर रात की न होकर रविवार रात साढ़े 10 बजे की निकली है। नकाबपोश लोह की किसी चीज से एटीएम में तोड़फोड़ करता दिखाई दिया है। मगर उसका चेहरा पूरी तरह से साफ नहीं है। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी का कहना है कि सुरागरसी चल रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।