पीलीभीत। कार्यालय के सामने पार्क में महिला के विषाक्त पदार्थ खाने की घटना के बाद डीएम ने पार्क में बेवजह आवाजाही और रुकने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यही नहीं सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद की रहने वाली रेखा बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट आईं थी। यहां डीएम से मिलने के लिए गईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने समस्या को सुना। महिला का कहना था कि उसके बेटे ने बैंक से ऋण लिया था। अब बैंक के लोग उसे परेशान कर रहे हैं।
शिकायत करने के बाद महिला बाहर आ गईं। बाद में वह वहां स्थति पार्क में अचेत पड़ी मिलीं। इसकी जानकारी होते ही वहां मौजूद जवानों ने अधिकारियों को सूचना दी तो खलबली मच गई। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पार्क में बेवजह आवाजाही पर रोक लगा दी है।
कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों को पार्क में किसी को न जाने देने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरों को लगवाने के भी निर्देश दिए हैं। डीएम संजय कुमार सिंह ने बताया महिला अब ठीक है। अब पार्क में बेवजह कोई नहीं बैठेगा इसको लेकर सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। कैमरा भी लगाया जाएगा।