पीलीभीत। कस्बे की सुरक्षा को लेकर अब ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रमुख चौराहों व संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पालिका प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थान चिह्नित करने का काम किया जा रहा है। जल्द ही कैमरे लगाने का काम शुरू होगा।
पालिका प्रशासन के मुताबिक, कस्बे में कुल 100 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। जहां आपराधिक घटनाएं ज्यादा सामने आती हैं या विवाद की आशंका रहती है वहां, कैमरे पहले लगवाने की कोशिश की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के लगने से काफी लाभ मिलेगा।
पुलिस को भी सहूलियत होगी। कोई घटना होने पर जल्द खुलासा करने में मदद मिलेगी।
-
इन स्थानों को किया जा चुका चिह्नित
पालिका प्रशासन की ओर से शहर के ईदगाह, बस अड्डा, बारह पत्थर, रम्पुरा चौराहा, गुलेश्वर नाथ मंदिर, बड़ा चौराहा, स्टेशन चौराहे को चिह्नित किया गया है। शिशु विहार नहर की पुलिया, दुबे मोहल्ला, सराफा मार्केट, मुख्य बाजार, तहसील रोड सहित अन्य प्रमुख स्थानों को भी चुना गया है।
पालिका कार्यालय में बनाया जाएगा कंट्रोल रूम
कस्बे के प्रमुख चौराहे पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम पालिका कार्यालय में बनाया जाएगा। यहां ऑपरेटर की तैनाती होगी।
वर्जन :
कस्बे में विकास को लेकर लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। जल्द ही शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इसको लेकर स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। - शशि जायसवाल, पालिकाध्यक्ष