बीसलपुर। राजकीय महाविद्यालय बीसलपुर में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए 1460 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। सबसे अधिक आवेदन बीए प्रथम वर्ष के लिए आए हैं। महाविद्यालय प्रशासन पांच जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी करने की तैयारी में है।
इस बार स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के जरिये पूरी की जा रही है। विद्यार्थियों ने पहले पोर्टल पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय में पंजीकरण कराया और महाविद्यालय का विकल्प भरा। अन्य विवरण दर्ज करने के बाद पंजीकरण की छायाप्रति संबंधित महाविद्यालय में जमा की है।
इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय में 1460 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्राचार्य डॉ. अलका मेहरा ने बताया कि बीए में 1123, बीएससी बायो में 246 और बीएससी गणित में 91 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। यह भी बताया कि चार जुलाई की शाम तक स्नातक प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट लिस्ट तैयार कर ली जाएगी।
पांच जुलाई को सुबह दस बजे मेरिट लिस्ट महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी। सूची महाविद्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी। प्राचार्य ने यह भी बताया कि बीए प्रथम वर्ष में 616, बीएससी बायो में 88 और बीएससी गणित में 88 सीटें हैं।