जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन इंटर के 989 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 14 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थियों की दिल की धड़कनें बढ़ी रहीं, लेकिन पेपर खत्म होने के बाद अधिकतर के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। सीबीएसई परीक्षा को लेकर जिले में सेंट एलायसियस कॉलेज, लायंस बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय बीसलपुर और सेंट जोसेफ स्कूल पूरनपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। लायंस विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर सेंट एलायसियस कॉलेज, बेनहर पब्लिक स्कूल व लिटिल एंजिल्स स्कूल के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि सेंट एलायसियस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर लायंस विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल पूरनपुर के परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा शुरू होने से पहले दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। लायंस विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य आरसी सेमवाल ने बताया कि पहले दिन इंटरमीडिएट के पंजीकृत 407 के सापेक्ष 404 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि तीन परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इधर सेंट एलायसियस कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर पायस मैनेजिज ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर इंटरमीडिएट के पंजीकृत 311 के सापेक्ष 305 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। यहां छह परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। पूरनपुर। सेंट जोसेफ स्कूल में इंटरमीडिएट के 157 बच्चों ने परीक्षा दी। प्रबंधक फादर सेल्वाडोर डिसूजा ने बताया कि पहले दिन कोई भी विद्यार्थी गैरहाजिर नहीं रहा। इस परीक्षा केंद्र पर अकाल एकेडमी गोमती, अकाल एकेडमी कजरी निरंजनपुर, ईशर अकादमी भोपतपुर सकरिया के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
बीसलपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में बृहस्पतिवार को हुई परीक्षा में पांच परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। प्राचार्य जीएस अवस्थी ने बताया कि विद्यालय में पहले दिन इंटर के परीक्षार्थियों की अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। जिसमें कुल 128 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। पांच परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। 123 परीक्षार्थी शामिल हुए। आंतरिक सचल दल ने विद्यालय गेट पर सभी परीक्षार्थियों व परीक्षा कक्षों के भीतर परीक्षार्थियों की तलाशी ली। सुरक्षा के लिए विद्यालय गेट पर पुलिस बल तैनात रहा।