पूरनपुर। गांव चंदिया हजारा पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री/ सांसद जितिन प्रसाद को ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं और समाधान कराने की मांग की। जाति प्रमाणपत्र जारी न होने की बात कही। साथ गांव के समीप हो रहे बाढ़ बचाव कार्यों में मानकों की अनदेखी की भी शिकायत की।
प्रधान बासुदेव कुंडू और अन्य ने कहा कि जाति प्रमाणपत्र न बनने से बच्चों के ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र भी जारी नहीं हो पा रहे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने एसडीएम अजीत प्रताप सिंह से और बाद में तहसीलदार से मामले की जानकारी की। तहसीलदार ने बताया कि बंगाली समाज के लोगों को जाति प्रमाणपत्र के लिए स्पष्ट शासनादेश नहीं है।
इस पर उन्होंने अपने पीए को समस्या की लिखित जानकारी देने को कहा। ग्रामीणों ने बाढ़ और कटान से बचाव के लिए कराए जा रहे कार्य में मानकों की अनदेखी करने की बात कही। इस पर केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ खंड के अफसरों को मानक के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए।
अखंड महानाम संकीर्तन में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री
पूरनपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने गांव चंदिया हजारा पहुंचकर अखंड महानाम संकीर्तन में मत्था टेका। हरेराम-हरेकृष्ण का संकीर्तन भी किया।
गांव चंदिया हजारा में शुक्रवार सुबह छह बजे से अखंड़ महानाम संकीर्तन हो रहा है। संकीर्तन में चंदिया हजारा की श्री चैतन्य संप्रदाय, उड़ीसा की जय जगन्नाथ संप्रदाय, दिल्ली की श्रीराम संप्रदाय, वृंंदावन की श्रीगुरु संप्रदाय, अमृत नगर की श्री गोपाल संप्रदाय, दिनेशपुर की मानव मुक्ति संप्रदाय संकीर्तन टीमें संकीर्तन कर रहीं हैं। सभी टीमों के संकीर्तन करने की समय अवधि निर्धारित है।
रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री/ सांसद जितिन प्रसाद, विधायक बाबूराम पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, ब्लाक प्रमुख पति अपूर्व सिंह, सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन नितिन दीक्षित आदि ने पहुंचकर संकीर्तन किया। संवाद
भूमि विवाद को धर्म परिवर्तन से जोड़कर की शिकायत
पूरनपुर। गांव चंदिया हजारा पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से रविवार को नेपाल सीमा से सटे गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज के कई लोगों ने मुलाकात की। पत्र सौंपकर कुछ लोगों पर भूमि विवाद को धर्मांतरण से जोड़कर झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाया।
बताया कि शासन-प्रशासन को गुमराह कर एफआईआर दर्ज करा दी गई है। गांव को बदनाम किया जा रहा है। जांच कराकर झूठी शिकायतें करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पत्र में गुरमीत सिंह, देशराज सिंह, रेशम सिंह, लखविंदर, करनैल सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं। इससे पहले गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज में लोगों ने सामूहिक बैठक की। बैठक में दर्ज एफआईआर को झूठा बताकर निरस्त कराने की मांग की गई। संवाद
गांव चंदिया हजारा में चल रहे अखंड महा नाम संकीर्तन में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद