घुंघचाई। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की भूमि पर लगाए गए पौधों को नष्ट कर दोबारा कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। वन विभाग की तहरीर पर शाहजहांपुर के बंडा थाने में 11 नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वन विभाग ने संबंधित भूमि पर निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी है।
शाहजहांपुर की खुटार रेंज का 813 हेक्टेयर क्षेत्र वर्ष 2019 में पीटीआर को हस्तांतरित किया गया था। इसमें नवदिया बंकी का जंगल भी शामिल है। वन विभाग के मुताबिक, इस क्षेत्र की कुछ भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। 17 फरवरी को नवदिया बंकी बीट के फगुनिहाई जंगल क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया गया था। इसके बाद भूमि पर पौधरोपण कराया गया और सुरक्षा के लिए तारबाड़ व पिलर लगाए गए। बताया गया कि तीन दिन पहले रात के समय अज्ञात लोगों ने मौके पर लगाए गए पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया। सूचना मिलने पर पीटीआर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के बाद बंडा थाने में तहरीर दी।
वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने रंजीत सिंह, लखविंदर सिंह समेत नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि मामले में कार्रवाई कराई गई है। विभागीय टीम को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही दोबारा पौधरोपण कराया जाएगा। संवाद