कलीनगर। वांछित आरोपी की धरपकड़ को पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले गांव गाभिया सहराई के 16 नामजद आरोपियों समेत 31 लोगों पर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा वन दरोगा शिवम कुमार की तहरीर पर लिखा गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश तेज कर दी है।
बराही रेंज की नौजल्हा वन चौकी के दरोगा शिवम कुमार की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया कि 26 सितंबर को नगरिया खुर्द कला क्षेत्र में शारदा सागर डैम के सीपेज नाले में तेंदुआ फंदे में फंसा पाया गया था।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सकुशल छुड़ाया। इस दौरान उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व व वन विभाग की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही थी।
27 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह विभाग के दैनिक श्रमिक रवि, सुरेंद्र पाल, धर्मेंद्र कुमार, रामगोपाल के साथ गश्त कर लौट रहे थे।
इसी दौरान गभिया सहराई गांव के पास तेंदुए के फंदे लगाने के मामले में वांछित भीम हलधर टीम को देखकर भागने लगा और ग्रामीणों को आवाज देकर एकत्र किया।
इसके बाद गांव निवासी प्रभाष मंडल, मुन्ना मंडल, रोहित, राहुल, भीम हलधर, तारक राय, गनेश राय, कार्तिक राय, गोविंद मंडल, धीरज, रवि बैरागी, राकेश बैरागी, अजीत सरकार, पंचानन मंडल, दुलाल मंडल, भोला मंडल व 15 अज्ञात महिला-पुरुषों ने टीम को बंधक बनाकर लाठी-डंडे से प्रहार किया दिया। इसमें टीम के सभी सदस्य घायल हो गए। वन वाचर रवि के सिर में गंभीर चोटें आई। आरोपियों में दुलाल मंडल, गोविंद मंडल, पंचानन मंडल नेपाल में शिकार के मामलों में लिप्त रहा है। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।