हजारा थाना क्षेत्र में हादसे में हुई तेंदुआ की मौत- वन विभाग
- फोटो : Samvad
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़, पोस्टमाॅर्टम के लिए शव ले गई संपूर्णानगर रेंज की टीम
पूरनपुर। हजारा थाना क्षेत्र में गांव नेहरु नगर से भुरजनिया जाने वाले रास्ते पर मादा तेंदुआ का शव मिला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुआ के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए ले गई। तेंदुआ के किसी वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
हजारा थाना क्षेत्र में तेंदुआ और बाघ पिछले कई दिनों से चहल-कदमी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को गांव चंद्रनगर के नगीना प्रसाद के घर में घुसकर तेंदुआ ने एक बकरी पर हमला कर घायल कर दिया था। दूसरी बकरी को मार डाला और खींच कर समीप के खेत में ले गया था। अगले दिन बकरी के अवशेष मिले थे। संपूर्णानगर रेंंज की टीम ने अवशेष को दफन कराए थे। कई महीनों से क्षेत्र में तेंदुआ और बाघ की चहल-कदमी को लेकर बाघ और तेंदुआ को पकड़ने की अनुमति ली गई थी।
बाघ और तेंदुआ अनुमति की समयसीमा के अंदर वन विभाग के हाथ नहीं आ सके। शुक्रवार शाम को नेहरू नगर से भुरजनिया जाने वाले रास्ते पर तेंदुआ का शव पड़े होने पर लोगों की भीड़ लगी। सूचना पर संपूर्णानगर रेंजर ललित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेंजर ने बताया कि शव मादा तेंदुआ का है। इसकी आयु चार से पांच साल है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। किसी वाहन की टक्कर से से मादा तेंदुआ की मौत हुई। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। संवाद