पीलीभीत। शहर के टाइगर तिराहे पर कार के छू जाने से गुस्साए दूसरी कार में सवार युवकों ने दरोगा से अभद्रता कर हंगामा किया। दरोगा की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख युवक कार छोड़कर भाग गए। कार कारिणी सेना के किसी पदाधिकारी की बताई जा रही है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार शाम की है। सुनगढ़ी थाने में तैनात दरोगा कृष्ण पाल सिंह अपनी कार से जहानाबाद क्षेत्र से लौट रहे थे। इस दौरान बरेली मार्ग पर जेएमबी तिराहे के पास उनकी कार से पीलीभीत की ओर से आ रही कार छू गई। इसके बाद दरोगा शहर के लिए आगे बढ़ गए। कुछ ही दूरी पर टाइगर तिराहे के पास पहुंचते ही कार सवार पीछा करते हुए पहुंचे और ओवरटेक कर दरोगा की कार के सामने लाकर अपनी कार लगा दी।
कार में सवार युवक दरोगा से अभद्रता करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख दरोगा ने सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। इस पर इंस्पेक्टर पवन कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचते उससे पहले ही हंगामा कर रहे युवक कार को छोड़कर भाग गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। विवाद करने वालों की तलाश की जा रही है।