नकटादाना तिराहे के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे शहर कोतवाली के मोहल्ला एकतानगर निवासी पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ऋषिपाल के पुत्र 20 वर्षीय विशाल सिंह तोमर की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार उसके तीन दोस्त घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो साथियों को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिविल लाइन चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह ने बताया कि हादसा रविवार की रात करीब एक बजे हुआ। कचहरी की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार नकटादाना तिराहे पर लगे पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि पोल झुक गया और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चला रहे मोहल्ला एकतानगर निवासी विशाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके साथी मोहल्ला तखान निवासी 20 वर्षीय अमित मिश्रा, होलीचौराहा निवासी 21 वर्षीय विनय कुमार कटियार और मोहल्ला गोपाल सिंह निवासी 20 वर्षीय शुभम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से घायलों और चालक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। हालत गंभीर होने पर अमित मिश्रा और विनय कुमार को बरेली रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिवार वालों ने दोनों को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां अमित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में रखा है।