परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते डीएम। स्रोत सूचना विभाग
पीलीभीत। शहर के तीन केंद्रों पर रविवार को बीएड की प्रवेश परीक्षा कराई गई। दो पालियों में हुई परीक्षा के दौरान सघन चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। पारदर्शिता का ध्यान रखने के लिए परीक्षार्थी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरे। दोनों पालियों में 215 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं परीक्षा में आए सवालों को लेकर परीक्षार्थी संतुष्ट दिखे। डीएम ने भी उपाधि महाविद्यालय समेत केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति को परखा।
जिले में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए तीन केंद्र बनाए गए थे। रविवार को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में दो पालियों में परीक्षा हुई। पहली पाली में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा संपन्न कराई गई। पहली पाली में तीनों केंद्रों पर 1104 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में पंजीकृत 400 परीक्षार्थियों में 45 अनुपस्थित रहे। राम इंटर कॉलेज में पंजीकृत 400 परीक्षार्थियों में 39 अनुपस्थित रहे। वहीं उपाधि महाविद्यालय में पंजीकृत 304 परीक्षार्थियों में 24 अनुपस्थित रहे।
इसके अलावा दूसरी पाली की परीक्षा में भी राजकीय इंटर कॉलेज में पंजीकृत 400 परीक्षार्थियों में 45 अनुपस्थित रहे। राम इंटर कॉलेज में पंजीकृत 400 परीक्षार्थियों में 39 अनुपस्थित रहे, जबकि उपाधि महाविद्यालय में पंजीकृत 304 परीक्षार्थियों में 23 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में 215 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थियों का कहना था कि परीक्षा आसान रही। सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्नों को हल करने में जरूर थोड़ा समय लगा। सामान्य ज्ञान में खेल से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए।
सुबह से शाम तक केंद्रों के बाहर रही रौनक
सुबह की पाली में परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी दो घंटा पूर्व ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। इस दौरान अधिकांश के साथ उनके परिजन भी थे। निर्धारित समय पर केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह नौ बजे शुरू हुई।
वहीं दूसरी पाली में दो बजे से शुरू हुई परीक्षा से दो घंटे पूर्व ही परीक्षार्थी पहुंचे। परीक्षा के दौरान भी परिजनों की केंद्रों के आसपास मौजूदगी रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स तैनात रहा।
परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते डीएम। स्रोत सूचना विभाग
परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते डीएम। स्रोत सूचना विभाग